रूस के पूर्व परिवहन मंत्री रोमन स्टारोवोइट ने की आत्महत्या, बर्खास्तगी के कुछ घंटे बाद कार में मिला शव


भारत, 8 जुलाई। रूस में पूर्व परिवहन मंत्री रोमन स्टारोवोइट ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना उस समय सामने आई जब कुछ घंटे पहले ही रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उन्हें उनके पद से बर्खास्त किया था। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका शव उनकी निजी कार में मिला और उनके शरीर पर गोली लगने के घाव पाए गए। रूस की जांच समिति ने इस बात की पुष्टि की है कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है।




स्टारोवोइट को मई 2024 में रूस का परिवहन मंत्री नियुक्त किया गया था। इससे पहले वे करीब पांच वर्षों तक यूक्रेन की सीमा से सटे कुर्स्क क्षेत्र के गवर्नर रहे। मंत्री बनने के बाद उनसे रूस के विमानन और शिपिंग क्षेत्रों में सुधार की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन कार्यकाल के दौरान उन पर भ्रष्टाचार और लापरवाही के गंभीर आरोप लगे।


स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, इन्हीं आरोपों के चलते पुतिन ने उन्हें पद से हटाने का निर्णय लिया। हालांकि क्रेमलिन द्वारा जारी आधिकारिक आदेश में उनकी बर्खास्तगी का कारण स्पष्ट रूप से नहीं बताया गया। उनकी जगह उप परिवहन मंत्री आंद्रेई निकितिन को कार्यवाहक मंत्री नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में यूक्रेन की ओर से कुर्स्क क्षेत्र में हुई अचानक सैन्य घुसपैठ के दौरान गवर्नर के रूप में स्टारोवोइट की कार्यशैली की आलोचना हुई थी। बाद में यूक्रेनी बलों को क्षेत्र से खदेड़ दिया गया था, लेकिन तब से ही उनकी छवि पर सवाल उठने लगे थे। रूस की जांच समिति ने कहा है कि वे मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों और परिस्थितियों का पूरा पता लगाया जा सके।