बीकानेर में कांग्रेस का मशाल जुलूस, केंद्र सरकार के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन


बीकानेर, 18 अप्रैल। बीकानेर पश्चिम की ए-ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार की नीतियों और विपक्षी नेताओं पर ईडी की कार्रवाई के विरोध में गुरुवार रात कोटगेट पर मशाल जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व ए-ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जाकिर नागौरी ने किया।



प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों के हनन और सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विद्वेष के चलते यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ ईडी द्वारा मनमानी चार्जशीट दाखिल की गई है, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है।



ब्लॉक अध्यक्ष जाकिर नागौरी ने कहा कि सरकार पहले भी ईडी जैसी संस्थाओं का दुरुपयोग करके विपक्षी नेताओं को परेशान कर चुकी है, लेकिन उसे कुछ हासिल नहीं हुआ और इस बार भी नतीजा वही रहेगा। उन्होंने कहा कि ईडी की कार्रवाइयों से न देश की अर्थव्यवस्था सुधरने वाली है और न ही भाजपा सरकार का भ्रष्टाचार कम होगा।
प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री से देश के असल मुद्दों—रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज में फैलाई जा रही नफरत—पर ध्यान देने की अपील की और संविधान की रक्षा की मांग की।
इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए, जिनमें बीकानेर पश्चिम प्रभारी एडवोकेट सद्दाम हुसैन, प्रदेश सचिव साजिद सुलेमानी, सेवादल प्रदेश उपाध्यक्ष कमल कल्ला, ब्लॉक अध्यक्ष आनंद सिंह सोडा, महिला अध्यक्ष शर्मिला पंचारिया, वंदना गुप्ता, मुमताज शेख, महासचिव जितेंद्र बिस्सा, रविकांत वाल्मीकि, सुमित कोचर, और कई अन्य प्रमुख कार्यकर्ता शामिल थे।