29 March 2023 07:37 PM
नयी दिल्ली , 29 मार्च। देश में कोरोना के केस फिर बढ़ने लगे हैं। पिछले 24 घंटे में 2151 नए मरीज मिले हैं। जबकि 7 संक्रमितों की मौत हो गई। वहीं, एक्टिव केस बढ़कर 11903 हो गए हैं, जो पिछले पांच महीने में सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले 12 नवंबर को एक्टिव केस 11084 था। डेली पॉजिटिविटी रेट भी बढ़कर 1.51% हो गया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार को नए केस में 18% की बढ़ोतरी हुई। इससे पहले मंगलवार को 1573 संक्रमित मिले थे, जबकि 4 मरीजों की मौत हुई थी। पिछले 9 दिन में देश में नए केस तीन गुना बढ़े हैं। 20 मार्च को 646 पॉजिटिव मरीज मिले थे।
तीन राज्यों में 300 से ज्यादा केस
तीन राज्य महाराष्ट्र, गुजरात और केरल में सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। बुधवार को इन तीनों राज्यों में डेली केसेस 300 से ज्यादा रिकॉर्ड किए गए। महाराष्ट्र में 450 नए संक्रमित मिले। जबकि 3 की मौत हो गई। राज्य में अक्टूबर के बाद पहली बार एक्टिव केस 2,000 से ज्यादा दर्ज किए गए हैं।
वहीं, केरल में 332 नए केस मिले, 3 मरीजों की मौत हुई। दूसरी तरफ गुजरात में 316 पॉजिटिव केस मिले। यहां बुधवार को किसी की मौत नहीं हुई।
महाराष्ट्र में खुलने लगे कोविड वार्ड
महाराष्ट्र में कोरोना केसेस में बढ़ोतरी को देखते हुए टेस्टिंग बढ़ा दी गई है। मुंबई के कुछ प्राइवेट अस्पतालों में कोविड वार्ड खुलने लगे हैं। वहीं, सरकार ने भी सभी सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों को स्टैंडबाय मोड में रहने को कहा है। साथ ही लोगों को कोविड प्रोटोकॉल फॉलो करने को कहा है। मुंबई में लीलावती अस्पताल के CEO डॉ. वी रविशंकर ने कहा कि यहां कोविड मामलों के लिए 15 बेड का आइसोलेशन वार्ड और ICU तैयार किया गया है।
दिल्ली, कर्नाटक और हिमाचल में 100 से ज्यादा केस
दिल्ली, कर्नाटक और हिमाचल में बुधवार को 100 से ज्यादा केस रिकॉर्ड किए गए। बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में 216 नए पॉजिटिव मरीज मिले। गनीमत रही किसी की मौत नहीं हुई। यहां एक्टिव केस 671 है। वहीं, कर्नाटक में 135 और हिमाचल प्रदेश में 140 नए मामले सामने आए। इन दोनों राज्यों में भी किसी मरीज की मौत नहीं हुई।
एक्सपर्ट बोले- घबराएं नहीं, कोविड नॉर्म्स काे फॉलो करें
एक्सपर्ट्स का मानना है कि कोविड के बढ़ते मामलों के पीछे नया XBB.1.16 वैरिएंट हो सकता है, लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है। एक्सपर्ट के मुताबिक, कोविड से जुड़े सारे प्रोटोकॉल का पालन करें। अगर किसी ने बूस्टर डोज नहीं लिया है तो उसे जल्द से जल्द ये डोज लेनी चाहिए।
इससे पहले दिल्ली AIIMS के पूर्व निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने कहा था कि कोरोना और H3N2 केसेस बढ़ने के पीछे एक वजह मौसम बदलना भी हो सकता है। उन्होंने बताया कि हर साल इन्फ्लुएंजा के केस बढ़ते हैं, घबराने की कोई बात नहीं है। मास्क लगाकर रखें, खांसते समय मुंह को ढंक लें और सैनिटाइजर साथ रखें।
RELATED ARTICLES