11 June 2022 09:07 PM
नयी दिल्ली , 11 जून। पैगंबर पर टिप्पणी के बाद उपजे विवाद को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में भी छिटपुट घटनाएं देखने को मिलीं। वहीं पुलिस प्रशासन भी पूरी मुस्तैदी से एक्शन में नजर आया। उत्तर प्रदेश में जहां अलग-अलग जिलों में कुल 230 लोगों की गिरफ्तारी हुई, वहीं सहारनपुर और कानपुर में आरोपियों के घर बुलडोजर भी चला। वहीं पश्चिम बंगाल में प्रशासन ने 70 लोगों की गिरफ्तारी का दावा किया। यहां पर हिंसा प्रभावित हावड़ा जिले के दो अधिकारियों का ट्रांसफर भी कर दिया गया। वहीं हावड़ा और मुर्शिदाबाद के कुछ हिस्सों में इंटरनेट बंद कर दिया गया। दूसरी तरफ झारखंड में भी हिंसा प्रभावित इलाकों में धारा 144 लागू रही। इसके अलावा यहां राजधानी रांची के विभिन्न हिस्सों में अतिरिक्त बलों की तैनाती भी की गई थी। वहीं कल सुबह तक के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
यूपी में 230 गिरफ्तार
जुमे की नमाज के बाद शुक्रवार को प्रदेश भर में हुए उपद्रव मामले में यूपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रयागराज, हाथरस, सहारनपुर समेत कई जिलों से पुलिस 230 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा पुलिस ने सहारनपुर में उपद्रव करने वालों के घरों पर बुलडोजर चलाया है। पुलिस ने यहां दो उपद्रवियों के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की। कानपुर में भी हयात जफर के रिश्तेदार के घर पर बुलडोजर चला है। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने यहां बयान जारी कर बताया, इस संबंध में यूपी में 230 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें प्रयागराज में 68, हाथरस में 50, सहारनपुर में 48, अंबेडकरनगर में 28, मुरादाबाद में 25 और फिरोजाबाद में आठ और तीन अन्य जगहों के लोग शामिल हैं। इस बीच, हिंसा करने वालों को परोक्ष चेतावनी देते हुए, उप्र के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार मृत्युंजय कुमार ने शनिवार को एक ट्वीट में कहा, उपद्रवी याद रखें, हर शुक्रवार के बाद एक शनिवार ज़रूर आता है…।
सीएम योगी का सख्त निर्देश
कुमार ने अपने ट्वीट के साथ एक इमारत को ध्वस्त करते हुए एक बुलडोजर की तस्वीर भी ट्वीट की। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा, विगत दिनों प्रदेश के विभिन्न शहरों में माहौल बिगाड़ने के लिए हुए अराजक प्रयासों में शामिल समाजविरोधी तत्वों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होगी। ऐसे असामाजिक लोगों के लिए सभ्य समाज मे कोई स्थान नहीं है। यह ध्यान रखें कि किसी भी निर्दोष का उत्पीड़न न हो, लेकिन दोषी एक भी न बचे। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और सहारनपुर समेत कई जिलों में पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ भाजपा की निलंबित नेता नुपुर शर्मा की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कल जुमे की नमाज के बाद लोगों ने नारेबाजी और पथराव किया था।
RELATED ARTICLES
© Copyright 2019-2025, All Rights Reserved by tharexpressnews | Designed by amoadvisor.com