पांच बहिनो के इकलौते भाई सहित 15-16 साल के 2 लड़कों की हत्या से कोहराम मचा



- एक ने 10वीं पास की थी, दूसरा 5 बहनों का इकलौता भाई , गला काटकर फेंका
कैथल , 19 मई। हरियाणा के कैथल में 2 लड़कों की गला काटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद लाशें ड्रेन के पास फेंक दी गईं। दोनों रविवार शाम से लापता थे। पहले परिवार को लगा कि इनमें एक लड़का 10वीं के पास हो गया था तो उसकी खुशी मनाने गए होंगे। हालांकि देर रात घर न लौटने पर उनकी तलाश की गई। मोबाइल लोकेशन से परिजन ड्रेन के पास पहुंचे तो हत्याकांड का पता चला। इसके बाद पुलिस बुलाई गई। दोनों लड़कों की पहचान बरेटा गांव निवासी प्रिंस (15) पुत्र रोहताश और अरमान (16) पुत्र प्रीतम के रूप में हुई है। अरमान पांच बहनों को इकलौता भाई था। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पुलिस ने प्रिंस की पिता की शिकायत पर गांव के ही नौ नाबालिग लड़कों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




यहां सिलसिलेवार जानिए कब-क्या हुआ…


रविवार शाम को 5 बजे से लापता हुए
चाचा बनी सिंह ने बताया कि प्रिंस और अरमान रविवार की शाम को साढ़े 4 बजे गांव के शिव मंदिर के पास देखे गए थे। इसके बाद घर आकर पशुओं को पानी पिलाया। यहां परिजनों ने दोनों को 5 बजे तक देखा। पशुओं पानी पिलाने के बाद दोनों साथ ही घर से निकलते देखे गए। मगर, इसके बाद से उनका पता नहीं चला।
प्रिंस का आया था 10वीं का रिजल्ट
चाचा बनी सिंह के मुताबिक प्रिंस को 17 मई को ही दसवीं का रिजल्ट आया था। इसमें वह पास हो गया था। दोनों के देर शाम तक घर नहीं लौटने पर सोचा कि पास होने की खुशी मनाने चले गए होंगे, आ जाएंगे। मगर, रात तक नहीं आए तो परिवार ने तलाश शुरू की। पूरा गांव छान मारा, लेकिन कोई पता नहीं चला। मोबाइल पर कॉल की गई तो वह भी नहीं मिला।
लोकेशन निकलवाई, धनौरा तालाब के पास मिली
चाचा बनी सिंह ने बताया कि काफी देर तक तलाश करने के बाद दोनों के मोबाइल की लोकेशन निकलवाई गई, जो 5 किलोमीटर दूर धनौरा तालाब के पास मिली। इसके बाद परिजन और बड़ी संख्या में गांव वाले धनौरा तालाब पहुंचे और दोनों बच्चों की तलाश की। यहां जगह तलाशा, लेकिन दोनों को पता नहीं चला। थक-हार कर सभी घर लौट आए।
सुबह फिर तलाश की, दोनों के शव मिले
बनी सिंह के मुताबिक, सोमवार को सुबह फिर परिजन धनौरा तालाब के पास पहुंच गए और दोनों की तलाश की। रात को कैनाल के पास घने झुंड की तरफ नहीं देखा गया था तो सुबह सबसे पहले वहीं तलाश किया गया। इसी दौरान अरमान का शव पड़ा मिल गया। वह औंधे मुंह पड़ा था, उसकी गर्दन पर धारदार हथियार के गहरे जख्म थे। अरमान से करीब 15 फुट दूर प्रिंस का शव भी पड़ा मिला। उसके गले पर भी हथियार से वार कर हत्या की गई थी।
DSP पहुंचे, शव कब्जे में लिए
इसकी सूचना मिलते ही DSP वीरभान मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिवार के लोगों से मामले की जानकारी ली। सदर थाने के SHO मुकेश कुमार ने बताया कि दोनों लड़कों की गर्दन पर तेजधार हथियार से हमला किया गया है। पुलिस ने उनके परिजनों के बयान दर्ज किए हैं।
आपस में चाचा-भतीजा थे अरमान-प्रिंस
पुलिस के मुताबिक अरमान और प्रिंस आपस में चाचा-भतीजा थे। दोनों के पिता भी खेती मजदूरी करते है। गांव में दोनों का बड़ा परिवार है। हम उम्र होने के कारण दोनों साथ ही रहते थे। स्कूल भी साथ आना जाना करते थे। अरमान अपनी पांच बहनों को इकलौता भाई था। दोनों किशोरों की हत्या के बाद से परिवार में गम का माहौल है।
छेड़छाड़ में की गई हत्या, दर्ज कराई गई रिपोर्ट
मृतक प्रिंस के पिता रोहताश ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि गांव के ही 2 लड़कों ने ही अपने 7 साथियों के साथ मिलकर प्रिंस और अरमान की हत्या की है। बताया कि दोनों लड़के 3-4 दिन पहले हमारे घर आए थे। दोनों ने कहा था कि अपने बच्चों को समझा लो, वे हमारी बहनों से छेड़छाड़ करते है। यदि नहीं माने तो अंजाम बुरा होगा। आरोप है कि इन दोनों ने ही प्रिंस और अरमान की हत्या की है।
सदर थाने के SHO मुकेश कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सभी आरोपी नाबालिग है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।