श्याम सुंदर स्वामी ने पैरा एशिया कप में रचा इतिहास, बने चैंपियन
![](https://tharexpressnews.com/wp-content/uploads/2025/02/shyam-sundar-swami-created-history-in-para-asia-cup-became-champion-bikaner-bangkok.webp)
बीकानेर-बैंकाॅक, 10 फ़रवरी। थाईलैंड के बैंकॉक में चल रहे पैरा तीरंदाजी एशिया कप में राजस्थान, बीकानेर के श्याम सुंदर स्वामी ने अद्वितीय प्रदर्शन करते हुए व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक भारत के नाम कर लिया । बैंकाॅक से भारतीय तीरंदाजी टीम के कोच अनिल जोशी ने बताया कि श्याम सुंदर स्वामी ने कडे फाइनल मुकाबले में इंडोनेशिया के खिलाड़ी को 143-141 अंकों से हराकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। जोशी ने बताया कि श्याम सुंदर ने पूरी प्रतियोगिता में अपने सटीक निशाने और बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया। पेरिस ओलंपिक के बाद यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट था, जिसमें उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीते।
![indication](https://tharexpressnews.com/wp-content/uploads/2023/09/WhatsApp-Image-2023-09-17-at-16.31.56.jpg)
![L.C.Baid Childrens Hospiatl](https://tharexpressnews.com/wp-content/uploads/2024/01/dr_l.c._baid_hospital_add1.jpg)
उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत स्वर्ण के अलावा, श्याम सुंदर ने मिक्स टीम स्पर्धा में भी सरिता कुमारी के साथ स्वर्ण पदक और कंपाउंड टीम स्पर्धा में राकेश कुमार के साथ मिलकर रजत पदक भी अपने नाम किया। कोच अनिल जोशी ने श्याम सुंदर की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा, “श्याम सुंदर ने अपनी मेहनत और अनुशासन से इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने देश और राज्य का मान बढ़ाया है।”
![pop ronak](https://tharexpressnews.com/wp-content/uploads/2023/11/metro-shine.jpg)
![](https://tharexpressnews.com/wp-content/uploads/2024/01/mona-industries-1.jpg)
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर राजस्थान सरकार के राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष नीरज के. पवन, कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी, और राजस्थान तीरंदाजी संघ के महासचिव सुरेंद्र सिंह गुर्जर ने श्याम सुंदर को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
![CHHAJER GRAPHIS](https://tharexpressnews.com/wp-content/uploads/2024/04/chhajer-logo.jpg)