उत्तराखंड में बर्फ का पहाड़ टूटा, 57 मजदूर फंसे, 32 बचाए गए, 6 फीट तक जमी बर्फ के बीच 25 लापता, रेस्क्यू रोका

उत्तराखंड में बर्फ का पहाड़ टूटा, 57 मजदूर फंसे, 32 बचाए गए, 6 फीट तक जमी बर्फ के बीच 25 लापता, रेस्क्यू रोका


चमोली , 28 फ़रवरी। उत्तराखंड के चमोली में शुक्रवार सुबह 7.15 बजे एवलांच हुआ था। जिसमें बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (BRO) के 57 मजदूर दब गए थे। रेस्क्यू में जुटी सेना, ITBP, BRO, SDRF और NDRF की टीम ने शाम तक 32 मजदूरों को बाहर निकाला। 3200 मीटर से ज्यादा की ऊंचाई पर 6 फीट जमी बर्फ के बीच बाकी के 25 मजदूरों की तलाश जारी है। यह घटना बद्रीनाथ से 3 किलोमीटर दूर चमोली के माणा गांव में हुई है। हादसे के दौरान सभी मजदूर 8 कंटेनर और एक शेड में मौजूद थे। रेस्क्यू किए गए सभी मजदूरों को माणा गांव में आईटीबीपी कैंप लाया गया है। यहां उनका इलाज चल रही है। 4 लोगों की हालत गंभीर है। फिलहाल खराब मौसम के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया है। पूरे इलाके में तेज बर्फबारी हो रही है। हादसे को लेकर उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी ने SDRF के अधिकारियों के साथ बैठक की। गृह मंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने घटना को लेकर उत्तराखंड के CM, सेना, ITBP और NDRF के अधिकारियों से बातचीत की। माणा तिब्बत सीमा पर भारत का आखिरी गांव है।


उत्तराखंड में आज रात भारी बारिश का अलर्ट
इधर, मौसम विभाग ने 28 फरवरी की देर रात तक उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान 20 CM तक बारिश हो सकती है। चमोली DM संदीप तिवारी ने बताया कि घटनास्थल पर लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है, इसलिए हम हेलिकॉप्टर नहीं भेज पा रहे हैं। SDRF की IG रिधिमा अग्रवाल ने BRO कमांडेंट के हवाले से बताया कि घटना बद्रीनाथ धाम के पास की है। SDRF की एक टीम जोशीमठ से रवाना हो चुकी है। लामबगड़ में सड़क ब्लॉक है। सेना उसे खोलने में लगी हुई है। दूसरी टीम को सहस्रधारा हेलीपैड पर अलर्ट पर रखा गया है। SDRF की ड्रोन टीम भी अलर्ट पर है। ITBP कमांडेंट पीयूष पुष्कर ने कहा- हमारी 90 जवानों की 23 बटालियन माणा में तैनात हैं। पिछले दो दिनों से इस इलाके में मौसम खराब है। शुक्रवार सुबह से ही इलाके में भारी बर्फबारी हो रही है। इस वजह से माणा में एवलांच हुआ। इसमें बीआरओ कैंप को नुकसान पहुंचा है।

कुल्लू में बारिश की वजह से घरों में पानी घुसा, मलबे में दबी कारें
हिमाचल प्रदेश में 3 दिन से बर्फबारी-बारिश हो रही है। लाहौल स्पीति, चंबा के पांगी-भरमौर और किन्नौर जिले में बर्फबारी के बाद सड़कें बंद कर दी गई हैं। सभी स्कूलों में 28 फरवरी को छुट्टी घोषित कर दी गई है। कुल्लू के अखाड़ा बाजार में भारी बारिश के चलते लोगों के घरों में पानी घुस गया। बाढ़ से कई गाड़ियां मलबे में दब गईं।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में परीक्षाएं रद्द
जम्मू-कश्मीर में भी तीन दिनों से बारिश और बर्फबारी हो रही है। उधमपुर जिले के मौंगरी के पास शुक्रवार तड़के पहाड़ी से पत्थर गिरने से मां-बेटे की मौत हो गई। कठुआ जिले के राजबाग इलाके में उझ नदी से 11 और निकी तवी इलाके से 1 शख्स को बचाया। बर्फबारी और लैंडस्लाइड की वजह से जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे सहित कई सड़कें बंद हो गई हैं। गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम जैसे पर्यटक स्थलों सहित घाटी के ऊंचे इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी हुई। खराब मौसम के कारण ट्रेन और फ्लाइट भी प्रभावित हुई हैं। उत्तराखंड के गंगोत्री में 4 फीट तक बर्फबारी हुई है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के हार्ड जोन वाले इलाके में मौसम खराब है। बारिश और बर्फबारी दोनों जारी हैं। इस कारण 10वीं, 11वीं और 12वीं की 1 और 3 मार्च को होने वाली परीक्षाएं रद्द की गई हैं। अब ये एग्जाम 24 और 25 मार्च को कराया जाएगा।
मार्च में भीषण गर्मी की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक इस साल मार्च में भीषण गर्मी पड़ सकती है। इस दौरान तापमान 38 से 40 डिग्री तक रहने का अनुमान है। मार्च के दूसरे हफ्ते से दिन और रात का तापमान असामान्य रूप से बढ़ेगा। मौसम विभाग के सूत्रों ने इसकी जानकारी दी है। सूत्रों के मुताबिक मार्च में भारी गर्मी की वजह से गेहूं के पैदावार पर असर पड़ेगा। 2022 में भी मार्च महीने में भारी गर्मी की वजह से गेहूं की फसल को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा था। सरकार को गेहूं के निर्यात पर प्रतिबंध लगाना पड़ा था।
दिल्ली में 74 साल की सबसे गर्म रात
दिल्ली में फरवरी महीने में गर्मी ने 74 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। IMD के मुताबिक, 27 फरवरी को सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो 1951 से 2025 के बीच की अवधि में इस महीने का सबसे अधिक तापमान है।